एक हफ्ते से बार-बार हो रही दिक्कत
लोगों को काटने पड़ रहे कैश काउंटर के चक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में पेयजल संकट के बाद अब पानी के बिल शहरवासियों के लिए मुसीबत बन गए हैं। पेयजल कंपनी की वेबसाइट बार-बार ठप हो रही है। शहर में एक हफ्ते से पानी के बिल ऑनलाइन जमा करने का काम भी ठप हो गया है।
बताया जा रहा है कि वेबसाइट का सॉफ्टवेयर खराब हो गया है। इससे हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। इन्हें पानी के बिल जमा करने के लिए कैश काउंटरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। शहर के ज्यादातर वार्डों में कंपनी के कैश काउंटर भी नहीं हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को रिज मैदान आकर पानी के बिल जमा करने पड़ रहे हैं। वेबसाइट ठप होने से लोकमित्र केंद्र संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। इनके पास भी लोग पानी के बिल जमा करवाते हैं।
वेबसाइट न चलने से इनके पास उपभोक्ताओं के बिल लंबित पड़ गए हैं। पेयजल वितरण के बाद अब बिल जमा करने की व्यवस्था ठप होने पर नगर निगम पार्षदों ने भी सवाल उठा दिए हैं। मज्याठ पार्षद दिवाकर देव शर्मा ने कहा कि कंपनी अपनी व्यवस्था दुरुस्त करे। वेबसाइट संबंधी परेशानी को जल्द ठीक किया जाए ताकि जनता को परेशानी न हो।