जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया पंचायत चुनाव का शेड्यूल, मतदान प्रक्रिया के लिए 2405 पोलिंग बूथ स्थापित
विज्ञापन
पहले और दूसरे चरण में 150-150 पंचायतों में होंगे चुनाव
तीसरे चरण में 30 मई को 141 पंचायतों में होगा मतदान
7, 8 और 11 मई तक नामांकन पत्र कर सकेंगे प्रत्याशी संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिले में पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है। पंचायतों में किन-किन चरणों में चुनाव पूरे करवाए जाने हैं, इसको लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) की ओर से वीरवार को शेड्यूल भी जारी कर दिया है। जिले में 2405 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मतदान 26, 28 और 30 मई को होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) की ओर से पहले और दूसरे चरण में 150-150 पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। तीसरे और अंतिम चरण में 141 पंचायतों में चुनाव होंगे। नामांकन प्रक्रिया 7, 8 और 11 मई को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 12 मई को नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। 14 और 15 मई को सुबह 10:00 से दोपहर 3:00 बजे तक उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी को वापस ले सकते हैं। पंचायतों के परिणाम मतदान वाले दिन घोषित किए जाएंगे। पंचायत समिति एवं जिला परिषद वार्डों के चुनाव की मतगणना 31 मई को पूरी की जाएगी। दूसरी ओर चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद संभावित प्रत्याशियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गांव-गांव में बैठकों और जनसंपर्क का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक रूप से सक्रिय लोगों के साथ नए चेहरे भी इस बार मैदान में उतरने की तैयारी में जुट गए है। दूसरी ओर प्रशासन की ओर से चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए इंतजाम कर रहे हैं। जिले की 441 पंचायतों में प्रधान और उप्रधान, वार्ड सदस्य के 2405, पंचायत समिति के 211 और जिला परिषद के 25 वार्ड सदस्यों के पदों पर सुबह 7:00 बजे से लेकर दोपहर 3:00 बजे तक किए जाएंगे। गर्मियों के सीजन शुरू होने के चलते यह फैसला लिया है। पिछली बार यह चुनाव शाम चार बजे तक संपन्न करवाए गए थे।
जिले हैं 505335 मतदाता
शिमला। जिला शिमला के 13 विकास खंडों में 505335 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें बसंतपुर ब्लॉक में 15879 पुरुष और 15485 महिला समेत 31364 मतदाता हैं। छौहारा में 20215 पुरुष और 18512 महिला समेत 38727 मतदाता मतदान हैं। चौपाल में 27649 पुरुष और 26436 महिला समेत 54085 मतदाता मतदान करेंगे। जुब्बल में 15137 पुरुष और 15177 महिला मतदाता हैं। कोटखाई में 15038 पुरुष और 15452 महिला, कुपवी में 8557 पुरुष और 7426 महिला, मशोबरा में 20077 पुरुष और 18932 महिला, ननखड़ी में 11639 पुरुष और 11120 महिला, नारकंडा में 18863 पुरुष और 18994 महिला, रामपुर में 26436 पुरुष और 24879 महिला मतदाता हैं। रोहड़ू में 23115 पुरुष और 22912 महिला मतदाता हैं। ठियोग में 34099 पुरुष और 33467 महिला मतदाता हैं। टुटू ब्लॉक में 20166 पुरुष और 19673 महिला मतदाता हैं।