फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: खराब मौसम में मतदाताओं ने दिखाई जागरूकता, मैहली में 73.74% मतदान

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में बारिश भी मतदाताओं के कदम मतदान केंद्रों में आने से नहीं रोक पाई। सुबह आठ बजे के करीब मौसम ने अचानक करवट बदल ली। एकाएक झमाझम बारिश शुरू हो गई। बावजूद इसके युवा, बुजुर्ग और महिलाएं परिवारों के साथ भारी संख्या में छाते ओढ़े तथा बरसाती पहनकर पोलिंग बूथों पर मतदान करने पहुंचे। मैहली पंचायत में 73.74 फीसदी मतदान हुआ। पेश है लाइव रिपोर्ट:-
विज्ञापन



संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। समय सुबह 8:15 बजे। स्थान : मैहली स्कूल। शहर के साथ लगती मैहली पंचायत में शनिवार को चुनाव हुए। सुबह सात बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में मैहली स्कूल में बने पोलिंग केंद्रों में सुबह ही लोग पहुंचना शुरू हो गए थे।
पहले एक घंटे में करीब सौ लोग मतदान कर चुके थे। इस दौरान एचपीएमसी के चेयरमैन देवानंद वर्मा भी मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बीच अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। एकाएक जो भीड़ पहले केंद्र पर दिख रही थी उसके छंटने के बाद केवल मतदाता और उनके समर्थक ही छाते लिए केंद्रों के बाहर दिखे।
विज्ञापन

अचानक सन्नाटे के बीच माहौल थोड़ा ठंडा हो गया। सुबह साढ़े नौ बजे के करीब युवा मतदाताओं के साथ बुजुर्ग छाते लेकर केंद्रों पर आए तो प्रत्याशियों के चेहरे खिल उठे। कई बुजुर्ग हाथों में लाठियां लेकर मतदान करने पहुंचे और लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कई बुजुर्ग मतदाताओं ने भी मौसम की परवाह किए बिना मतदान केंद्र पहुंचकर अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का संदेश दिया। दूसरी ओर मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशी और उनके समर्थक अंतिम समय तक मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते नजर आए। मैहली पंचायत में प्रधान, बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान हुआ। निर्विरोध चुने गए उपप्रधान पद के उम्मीदवार भी यहां पर आए थे। 1192 मतदाताओं में से 879 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मैहली में 73.74 फीसदी मतदान हुआ।



बीडीसी पद पर दो रिश्तेदार भी आमने-सामने
मैहली पंचायत से दो प्रत्याशी गोपाल वर्मा और कुलदीप बीडीसी पद के लिए खड़े हैं और आपस में दोनों रिश्तेदार हैं। ऐसे में अपने-अपने पक्ष में वोट डालने के लिए इन दोनों प्रत्याशियों ने काफी जोर लगाया है। इनके अलावा एक अन्य प्रत्याशी हैं लेकिन वह दूसरी पंचायत से हैं। पंचायत चुनाव के मद्देनजर यहां पर सुरक्षा के साथ बाकी की व्यवस्था भी पूरी तरह चाकचौबंद थी। यहां पर पोलिंग बूथों के बाहर नोटिस चस्पा दिया था कि कोई भी व्यक्ति केंद्र के अंदर मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें