उपायुक्त कार्यालय के अलावा जिले के सभी विकास खंडों और पंचायत कार्यालयों में लोग देख सकेंगे मतदाता सूची
विज्ञापन
पांच पंचायतों की मतदाता सूची बाद में होगी जारी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूचियां जारी कर दी हैं। जिले की कुल 412 पंचायतों में से 407 पंचायतों की मतदाता सूची शुक्रवार शाम जारी की गई। पांच पंचायतों की मतदाता सूची बाद में जारी होगी।
इनके पुनर्सीमांकन से जुड़े प्रस्ताव पर अभी फैसला होना है। सरकार के फैसले के बाद इनकी सूचियां भी जारी की जाएंगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों को शुक्रवार शाम तक मतदाता सूचियां जारी करने के निर्देश दिए थे। जिले की 407 पंचायतों में करीब छह लाख मतदाता पंचायत चुनाव में मतदान करेंगे। जिला प्रशासन ने दोपहर बाद सभी विकास खंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूचियों को जारी कर दिया जाए। लोग उपायुक्त कार्यालय के अलावा जिले के सभी 25 विकास खंड कार्यालयों, बीडीसी कार्यालयों और पंचायत घर कार्यालयों में अपनी मतदाता सूचियां देख सकते हैं। सभी विकास खंड अधिकारियों को शनिवार तक यह सूचियां उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी किए हैं। एडीसी सचिन शर्मा ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार जिला शिमला की मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया है।
विज्ञापन
दो रुपये देकर सूची में जोड़ सकेंगे नाम
जिला प्रशासन के अनुसार जिन लोगों के नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वह अब अपने नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं। पंचायत सचिव या विकास खंड अधिकारी के माध्यम से यह आवेदन होगा। दो रुपये शुल्क देकर और सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर लोग मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवा सकेंगे। चुनाव की घोषणा होने तक यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
चमियाना समेत पांच पंचायतों की सूची अटकी
शिमला शहर से सटी चमियाना पंचायत समेत पांच पंचायतों के पुनर्सीमांकन का प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन है। इनका पुनर्सीमांकन करना है या नहीं, इस पर फैसला होने के बाद ही इनकी मतदाता सूचियां जारी होंगी। मतदाता सूचियां जारी होते ही ग्रामीण इलाकों में अब पंचायत चुनाव को लेकर सियासत गरमाने वाली है। लोग लंबे समय से चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। अब सियासत और गरमा सकती है।