पहली बार लग्जरी बस सेवा से जुड़ेगा किन्नौर, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा अमर उजाला ब्यूरो शिमला। हिमाचल का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल किन्नौर आज वोल्वो सेवा से जुड़ जाएगा। बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी शाम 5:00 बजे टापरी-चंडीगढ़ वोल्वो को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।
वोल्वो सेवा शुरू होने के बाद जहां स्थानीय लोगों को सुविधाजनक सफर की सौगात मिलेगी वहीं किन्नौर में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। किन्नौर की खूबसूरत वादियाें का लुत्फ उठाने के लिए सैलानियों को अब टैक्सियों का भारी भरकम किराया नहीं चुकाना होगा। एचआरटीसी की लग्जरी वोल्वो बस में सवार होकर सैलानी महज 1218 रुपये में किन्नौर पहुंच सकेंगे। चंडीगढ़ और दिल्ली सहित अन्य राज्यों में रहने वाले किन्नौर के लोगों को भी इस सेवा के शुरू होने से लाभ मिलेगा। शिमला-टापरी रूट पर एचआरटीसी वोल्वो का सफल ट्रायल पिछले साल ही कर चुका है। मौजूदा समय में दिल्ली-शिमला-रामपुर रूट पर एचआरटीसी की वोल्वो बस चल रही है। रामपुर से टापरी करीब 67 किलोमीटर की दूरी पर है। टापरी-चंडीगढ़ वोल्वो की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी है। टापरी और शिमला के बीच भावानगर, ज्यूरी, रामपुर, नारकंडा, ठियोग और कुफरी वोल्वो के लिए स्टॉपेज बनाए गए हैं। इन सभी स्टॉपेजों से यात्री वोल्वो में सवार हो सकेंगे। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने बताया कि टापरी-चंडीगढ़ वोल्वो संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विज्ञापन
यह रहेगा टाइम टेबल टापरी से रवानगी 5:00 बजे शाम शिमला पहुंचने का समय 11:30 रात चंडीगढ़ पहुंचने का समय 4:00 बजे सुबह
-
चंडीगढ़ से रवानगी 5:40 बजे सुबह
शिमला पहुंचने का समय 9:30 सुबह टापरी पहुंचने का समय 04:15 दोपहर बाद