डॉ. वाईएस परमार वॉलीबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहला खेल मुकाबला गुजरात और दिल्ली के बीच खेला गया। इसमें दिल्ली की टीम ने गुजरात की टीम को 25-18, 25-18, 25-13 से मात दी। दूसरा मैच इंडियन आर्मी और मेजबान हिमाचल प्रदेश के बीच हुआ। इसमें आर्मी की टीम ने पांच सेटों में 3-2 से मात दी। वहीं हरियाणा और इंडियन नेवी के बीच भी मुकाबला रोचक रहा। इसे इंडियन नेवी की टीम ने 3-2 से जीता। चौथे मैच में पुलिस और इंडियन रेलवे के बीच हुए मुकाबले में इंडियन रेलवे ने पंजाब पुलिस को 3-0 से पराजित किया। दिल्ली और मेजबान हिमाचल के बीच खेले मुकाबले में दिल्ली की टीम ने हिमाचल को 25-21, 25-20, 25-20 से हराया। अंतिम मुकाबला गुजरात और इंडियन आर्मी की टीम के बीच हुआ। इसमें हुए तीन सेट में 20-25,22-25, 20-25 के रहे स्कोर पर आर्मी ने गुजरात को 3-0 से मात दी।
इसके साथ ही सेमीफाइनल मुकाबले भी तय हो गए हैं। प्रतियोगिता के अंतिम रोज पहला सेमीफाइनल मुकाबला हरियाणा और दिल्ली के बीच वीरवार को सुबह साढ़े आठ बजे शुरू होगा। वहीं दूसरा सेमीफाइलन मैच भारतीय सेना और भारतीय रेलवे के बीच खेला जाएगा। तीसरे स्थान के लिए भी मुकाबला होगा। प्रतियोगिता की विजेता टीम को दो लाख, उप विजेता को एक लाख, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को विभाग की ओर से 75 हजार का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। दूसरे दिन प्रतियोगिता में हरियाणा के अर्जुन अवार्डी दलीप सिंह निशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। हरियाणा के अर्जुन अवार्डी अमीर सिंह, हिमाचल के अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक विद्या सागर शर्मा , चंडीगढ़ से अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक वीर सिंह और हिमाचल खेल विभाग निदेशालय के जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी अनुराग वर्मा इस दौरान मौजूद रहे।
खेल मंत्री करेंगे प्रतियोगिता की विजेता, उप विजेता टीमों को सम्मानित
डाॅ. वाईएस परमार अखिल भारतीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का समापन वीरवार को दोपहर बाद होगा। इसमें युवा सेवाएं, खेल और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे। वह विजेताओं को सम्मानित करेंगे।