- भाजपा विधायक जमवाल की ओर से लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में बोले मंत्री
- आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय लेगा बीएड की प्रवेश परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में बीएड प्रवेश परीक्षा केवल हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ही संचालित करेगा। हिमाचल के सभी बीएड कॉलेज शिमला विश्वविद्यालय के अधीन रहेंगे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने यह जानकारी भाजपा विधायक राकेश जमवाल की ओर से नियम 62 के तहत सरदार पटेल विवि मंडी को लेकर लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में दी।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश स्तर पर परीक्षा केंद्रों का प्रबंधन सरल और व्यवस्थित होगा। इससे परिणाम समय पर घोषित किए जा सकेंगे। यह निर्णय बीएड के अलावा एमएड जैसे उच्चतर पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया को भी पारदर्शी बनाएगा। इससे पूर्व राकेश जमवाल ने कहा कि सरकार की मंशा सरदार पटेल विश्वविद्यालय को बंद करने की है। तभी पहले दो जिलों के महाविद्यालयों और उसके बाद 16 बीएड काॅलेज को वहां से शिफ्ट करके हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अधीन कर दिया गया। शैक्षणिक सत्र 2024-26 से पूर्व तक यह परीक्षा सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी की ओर से करवाई जा रही थी। रोहित ठाकुर ने सदन को बताया कि इस मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में 15 मई 2025 को सुनवाई हुई। न्यायालय ने आगामी शैक्षणिक सत्र से बीएड प्रवेश के लिए साझा प्रवेश परीक्षा आयोजित करने का आदेश पारित किया। इस मामले को कैबिनेट की बैठक में ले जाया गया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय को इसके कारण जो आर्थिक नुकसान होगा, उसके लिए विचार किया जाएगा।