शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के आश्वासन के बाद वोकेशनल शिक्षकों का धरना समाप्त हो गया है। 11 दिनों से प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों से गुरुवार शाम को शिक्षा मंत्री ने चौड़ा मैदान जाकर शिक्षकों से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि राज्य सरकार वोकेशनल शिक्षकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकर बातचीत करेगी। इसके बाद कोई रास्ता निकाला जाएगा। उन्होंने वोकेशनल शिक्षकों से धरना प्रदर्शन खत्म कर वापस घर लौटने का आग्रह किया।
कई शिक्षकों को कंपनियों की ओर से 25 नवंबर तक काम पर न लौटने की स्थिति में टर्मिनेट करने का नोटिस भी जारी कर दिया गया था। उधर, वोकेशनल शिक्षक संघ के अध्यक्ष अश्वनी ढटवालिया ने कहा कि शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री ने सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। उधर, शिक्षा मंत्री ने सचिवालय में वीरवार को उच्च, प्राथमिक और समग्र शिक्षा निदेशक के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें मुख्यमंत्री की ओर से शिक्षा की लेकर की गई घोषणाओं पर विचार विमर्श किया गया है। तीनों निदेशकों से शिक्षा विभाग में भरे गए रिक्त पदों की रिपोर्ट मांगी।