फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेल में नेगी से मिलने गए DGP के साथ थे वीरभद्र के ये अफसर

Mon, 05 Mar 2018 12:45 PM IST
प्रखर दीक्षित, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

बहुचर्चित गुड़िया प्रकरण से जुड़े सूरज हत्याकांड के आरोपी पूर्व एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी की कैथू जेल में डीजीपी सीताराम मरडी से हुई मुलाकात में बड़ा खुलासा हुआ है। जेल प्रशासन की ओर से जेल मुख्यालय को सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि जेल में हुई इस मीटिंग के दौरान डीजीपी सीताराम मरडी, डीआईजी आसिफ जलाल और एसपी शिमला ओमापति जमवाल के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सिक्योरिटी अफसर रहे डीएसपी पदम ठाकुर भी मौजूद थे।

विज्ञापन


जेल अधीक्षक ललित मोहन शर्मा ने अमर उजाला से पदम ठाकुर के होने की पुष्टि की है। शर्मा ने कहा कि रिपोर्ट में आने वाले अधिकारियों के अलावा अन्य कर्मचारियों की जानकारी व सीसीटीवी फुटेज को भी जेल मुख्यालय को भेज दिया है। अब मरडी और नेगी की इस मुलाकात के दौरान पदम की मौजूदगी की बात सामने आने से मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

दरअसल, डीजीपी और नेगी की 10 फरवरी को जेल में हुई इस मुलाकात के दौरान कंडा जेल में बंद अन्य कैदी हरकत में आ गए। इसी के बाद पहले 16 फरवरी को हेड कांस्टेबल मोहन लाल ने और फिर 20 फरवरी को तत्कालीन एसएचओ रहे राजेंद्र सिंह ने हाईकोर्ट को पत्र लिखकर तत्कालीन डीएसपी मनोज जोशी पर दबाव बनाने का आरोप लगाया था। चूंकि तीनों ही घटनाक्रम दस दिन के अंदर हुए हैं, ऐसे में यह चर्चा का विषय बन गया है। 
विज्ञापन


कैथू पुलिस लाइन का निरीक्षण करने गए थे डीजीपी
डीडब्ल्यू नेगी से हुई मुलाकात के बाद से डीजीपी सीताराम मरडी पुलिस लाइन का निरीक्षण करने जाने की बात कहते रहे हैं। निरीक्षण के दौरान भी डीजीपी मरडी के साथ डीआईजी आसिफ जलाल और एसपी शिमला मौजूद थे। लेकिन जब मरडी कैथू जेल में दाखिल हुए तो उनके साथ डीएसपी पदम ठाकुर भी मौजूद थे। चूंकि पदम जिला पुलिस में तैनात नहीं है, ऐसे में उनकी मौजूदगी की वजह से ज्यादा सवाल उठ रहे हैं।

विज्ञापन

ओमापति निकल गए थे बाहर

एसपी शिमला ओमापति जमवाल - फोटो : File Photo
डीडब्ल्यू नेगी की डीजीपी मरडी से मुलाकात के दौरान डीआईजी दक्षिण रेंज आसिफ जलाल और डीएसपी पदम ठाकुर जेल अधीक्षक के कमरे में मौजूद थे। शर्मा के अनुसार वैसे तो उस कमरे में नेगी के आने से पहले तक एसपी शिमला ओमापति जमवाल भी मौजूद थे।

लेकिन नेगी के आने की जानकारी मिलते ही वह जेल से बाहर चले गए थे। वहीं, डीजीपी-नेगी की इस अनौपचारिक मुलाकात की जेल अधीक्षक से पूरी रिपोर्ट मिलने के बाद जेल मुख्यालय सोमवार को इसे शासन को सौंप सकता है। डीजी जेल सोमेश गोयल से रिपोर्ट के संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सके।

मरडी के साथ नेगी ने पी चाय
मरडी-नेगी की इस अनौपचारिक मुलाकात के दौरान जेल अधीक्षक के कमरे में सिर्फ चार लोग मौजूद थे। रिपोर्ट के अनुसार नेगी के अलावा डीजीपी मरडी, डीआईजी आसिफ जलाल और डीएसपी पदम ठाकुर ने करीब पंद्रह मिनट तक बंद कमरे में मुलाकात की।

नेगी और पुलिस अधिकारियों ने साथ बैठकर चाय भी पी थी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान जेल प्रशासन का एक भी अधिकारी अधीक्षक के कमरे के अंदर नहीं गया। मुलाकात के बाद सभी पुलिस अधिकारी एक-एक कर जेल से चले गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें