जयराम सरकार और उसके मंत्रियों ने ताबड़तोड़ फैसले लेना शुरू कर दिए हैं। सीएम जयराम ने दिल्ली से लौटते ही बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मुख्य सचिव वीसी फारका को हटा दिया।
अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के करीबी विनीत चौधरी को नया मुख्य सचिव तैनात किया गया है। चौधरी वीरभद्र सरकार में साइडलाइन अफसरों में शामिल थे।
फारका को अब विनीत की जगह प्रधान सलाहकार बनाया गया है। इनके अलावा प्रदेश के नए महाधिवक्ता पद पर एडवोकेट अशोक शर्मा को नियुक्त किया गया है।
सीएम ने शिशु धर्मा को अपना ओएसडी बनाया है। धर्मा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की पृष्ठभूमि से हैं। शिमला के कुमारसैन से संबंधित शिशु धर्मा मुख्यमंत्री के दूसरे ओएसडी होंगे।
नए बागवानी और पशुपालन निदेशकों की भी नियुक्तियां की गई हैं। मोहिंद्र सिंह राणा को अतिरिक्त निदेशक से पदोन्नत कर निदेशक नियुक्त किया गया है। इसी तरह से पशुपालन विभाग में संयुक्त निदेशक डा. सुनील कुमार बेदी को पदोन्नत कर निदेशक पशुपालन विभाग लगाया गया है।
दूसरी ओर पेट्रोल और डीजल से एक फीसदी वैट घटाने की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। शनिवार रात 12:00 बजे से घटे दाम लागू हो जाएंगे। डॉक्टरों के एक सौ पद भरने का फैसला लिया गया है। शिक्षकों की तबादला प्रक्त्रिस्या को पारदर्शी बनाने के लिए नीति में बदलाव की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
एडवोकेट अशोक शर्मा बने महाधिवक्ता
हिमाचल प्रदेश के नए महाधिवक्ता पद पर एडवोकेट अशोक शर्मा को नियुक्त किया गया है। शर्मा 1986 से शिमला हाईकोर्ट में वकालत कर रहे हैं। इससे पहले भी वे कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
1 सितंबर 2014 से 30 नवंबर 2017 को एस्सिटेंट सोलिसिटर जनरल के पद पर थे। इसके अलावा बार एसोसिएशन के 3 बार अध्यक्ष और एक बार उपाध्यक्ष भी रहे हैं।
एडवोकेट शर्मा मूल रूप से हमीरपुर जिले के सैर गांव के हैं और शिमला में कसुम्पटी में रहते हैं। शासन ने महाधिवक्ता की नियुक्ति का आदेश शनिवार देर शाम जारी किया।
शिशु धर्मा बने सीएम के ओएसडी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिशु धर्मा को अपना ओएसडी नियुक्त किया है। धर्मा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की पृष्ठभूमि से हैं। जिला शिमला के कुमारसैन से संबंधित शिशु धर्मा मुख्यमंत्री के दूसरे ओएसडी होंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री महेंद्र धर्माणी को अपना पहला ओएसडी नियुक्त कर चुके हैं।
मंत्रिमंडल की बैठक 4 को
सरकार ने 4 जनवरी को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। शनिवार को शासन ने मंत्रिमंडल बैठक की अधिसूचना जारी कर दी है। बैठक में 9 जनवरी से धर्मशाला में होने वाले विधानसभा सत्र की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। सरकार गठन के बाद मंत्रिमंडल की यह दूसरी बैठक होगी।
नए बागवानी और पशुपालन निदेशक लगाए
हिमाचल प्रदेश सरकार ने नए बागवानी और पशुपालन निदेशक की भी नियुक्तियां कर दी हैं। मोहिंद्र सिंह राणा को अतिरिक्त निदेशक से पदोन्नत कर निदेशक नियुक्त किया गया है। इसी तरह से पशुपालन विभाग में संयुक्त निदेशक डा. सुनील कुमार बेदी की पदोन्नति कर उन्हें निदेशक पशुपालन विभाग लगाया गया है।