हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत मामले में जांच के लिए शिमला आए सीबीआई के डीआईजी दिल्ली लौट गए हैं। मामले की जांच का जिम्मा अब एसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों ने संभाल लिया है। उधर, एएसआई पंकज को सीबीआई ने नोटिस जारी कर प्रदेश से बाहर ने जाने को कहा है।
एएसआई पंकज पर पेनड्राइव गायब करने के आरोप हैं। न्यायालय की ओर से विमल नेगी मौत मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के बाद डीआईजी स्तर के अधिकारी जांच के लिए शिमला पहुंचे थे और तीन टीमें गठित कर तफ्तीश शुरू की गई थी।
सूत्र बताते हैं कि मामले को लेकर बड़े अधिकारियों से जानकारी हासिल करने के लिए डीआईजी दोबारा शिमला आएंगे। विमल नेगी मौत मामले की प्रशासनिक जांच करने वाले एसीएस ओंकार शर्मा और न्यायालय में दिए शपथ पत्र के माध्यम से पुलिस एसआईटी की जांच पर सवाल उठाने वाले पूर्व डीजीपी अतुल वर्मा से भी सीबीआई मामले को लेकर जानकारी हासिल करना चाहती है।