प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य ने कहा कि भाजपा विधायक राजीव बिंदल प्रदेश के शांत माहौल को बिगाड़ रहे हैं। सोलन में गुंडागर्दी से माहौल खराब करने के बाद अब वह नाहन के शांत माहौल को खराब करने की कोशिश हो रही है।
बैजनाथ में कांगड़ा-चंबा के युवा सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और बिंदल ने धारा 118 का उल्लंघन कर पूरे प्रदेश में जमीनें खरीदी थीं।
कहा कि कांग्रेस गद्दी समुदाय की हितैषी रही है। भाजपा के छुटभैया नेता आरएसएस के सहारे राजनीति कर रहे हैं। किशन कपूर की छवि समाप्त हो चुकी है। इस मामले के बहाने अपनी राजनीति चमकाने के चक्कर में हैं।
कहा कि गुड़िया प्रकरण में नरेंद्र बरागटा आरएसएस का सहारा लेकर राजनीति कर रहे हैं। युवाओं को टिकट देने के सवाल पर विक्रमादित्य बोले - जीतने की क्षमता रखने वाले, जमीन से जुड़े तथा स्वच्छ छवि वाले युवाओं की वे पैरवी करेंगे।
हाईकमान के आदेशों पर ही चुनाव लड़ेंगे। इससे पूर्व विक्रमादित्य ने पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर स्व. राजीव गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। सम्मेलन को विधायक किशोरी लाल, मुख्यमंत्री के आईटी सलाहकार गोकुल बुटेल, युकां महासचिव यदुपति ठाकुर, रविंद्र राव ने भी संबोधित किया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष आरके कौड़ा, राकेश चौहान, सुनील शर्मा, गीता देवी, जमना गोयल, राजेश राणा, मिलाप राणा, रमेश चड्ढा, ममता देवी, कविता, रविंद्र बिट्टू, कुसुम राणा आदि मौजूद रहे।