हमीरपुर भवन में मंगलवार को उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के एक दिवसीय हमीरपुर प्रवास की तैयारियों को लेकर उपायुक्त राकेश प्रजापति की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सुरक्षा प्रबंधों पर भी विशेष तौर पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर सहित और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
उपराष्ट्रपति के प्रवास को लेकर सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रोटोकॉल का पूर्णतया पालन करने के दिशा निर्देश भी विभागों के अधिकारियों को दिए गए हैं।
बैठक में विद्युत, आईपीएच तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी पेयजल, बिजली तथा सड़कों के उचित रखरखाव के लिए कहा गया। इस बाबत जिला प्रशासन के अधिकारियों की ओर से एनआईटी परिसर में आवश्यक प्रबंधों का जायजा भी लिया गया।