एचपीयू का 22वां दीक्षांत समारोह नौ जून को होगा। इसमें देश के उप- राष्ट्रपति हामिद अंसारी मुख्य अतिथि होंगे। इससे पूर्व भी भारत के उप- राष्ट्रपति 1992 में विवि के दीक्षांत समारोह में आ चुके हैं। समारोह में दिसंबर 2014 तक के डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों को उपाधियां और डिग्रियां दी जाएंगी। उप- राष्ट्रपति छात्रों को नवाजेंगे।
राज्यपाल कल्याण सिंह की अध्यक्षता में होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बतौर विशेष अतिथि शिरकत करेंगे। कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर होगा जब देश के के उप-राष्ट्रपति समारोह में आएंगे।
इससे पूर्व 20 मई, 1992 को तत्कालीन उप-राष्ट्रपति डा. शंकर दयाल शर्मा 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल हो चुके हैं। वर्ष 2013 में भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तथा वर्ष 2014 में धर्म गुरू दलाई लामा मुख्य अतिथि के रूप में आ चुके हैं।
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति भी आ चुके हैं- 7 मार्च 2003 को विशेष दीक्षांत समारोह हुआ था। इसमें तत्कालीन राज्यपाल सूरज भान उद्बोधन कर चुके हैं। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई इसमें मुख्य अतिथि थे, उन्हें डी-लिट की मानद उपाधि दी गई थी।
मानव संसाधन मंत्री को भी भेजा था न्योता- वर्ष 2014 में विवि के कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने अक्तूबर माह में दीक्षांत समारोह के लिए मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी को न्योता भेजा था। समारोह की तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं, किन्हीं कारणों से समारोह नहीं हो पाया।
एडवर्ड स्कूल में पढ़े हैं उप-राष्ट्रपति- विवि के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने आ रहे उप- राष्ट्रपति हामिद अंसारी राजधानी के सेंट एडवर्ड स्कूल में पढ़े हैं। शिमला से उनका पुराना रिश्ता रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि वे अपने इस दौरे के दौरान पुरानी यादों को ताजा करने को अपने स्कूल भी जा सकते हैं।