वीरों की भूमि है हिमाचल
धनखड़ ने कहा कि हिमाचल वीरों की भूमि है। इस प्रदेश ने सेना को सबसे अधिक जवान दिए हैं। कारगिल युद्ध में हिमाचल के वीर सपूतों ने दुश्मन पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया और उनकी शौर्य गाथाओं के कारण उन्हें सर्वोच्च अलंकरण मिले।
कभी स्विट्जरलैंड के बैंकों गिरवी रखना पड़ा था सोना
उप राष्ट्रपति ने अपने पिछले संसदीय अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि जब वह सांसद थे, तब भारत का सोना स्विट्जरलैंड के बैंकों में गिरवी रखा गया था। इसका कारण देश की विदेशी मुद्रा की स्थिति थी, जो उस समय 1 बिलियन डॉलर के आसपास थी, जबकि अब यह 700 बिलियन डॉलर है। यदि हर भारतीय स्वदेशी वस्तुओं का इस्तेमाल करेगा, तो यह देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएगा।
हिमाचल में आई सुकून की नींद, बीपी भी सामान्य रहा
उप राष्ट्रपति ने कहा कि हिमाचल में आकर उन्हें सुकून मिला। यहां की हवा और भूमि की ऊर्जा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सुकून की नींद आई और उनका रक्तचाप भी सामान्य रहा। उन्होंने अपनी पहली लोकसभा यात्रा के दौरान धर्मशाला जाने का अनुभव भी साझा किया। 1989 में जब वह पहली बार सांसद बने, तो 1990 में उन्होंने वायुदूत से अपनी पहली हवाई यात्रा की और उस यात्रा के दौरान उनका मन धर्मशाला में बस गया। उन्होंने इसे अपनी सबसे यादगार यात्रा बताया।
पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस ठाकुर के घर पहुंचे उप राष्ट्रपति
सोलन दौरे के दौरान उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पच्छाद क्षेत्र के दाड़ो देवरिया गांव में देश के पूर्व चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर के घर पर उनसे मिलने गए। जस्टिस टीएस ठाकुर ने दाड़ो देवरिया के साथ ही सरसानी में अपना घर बनाया है, जहां उनसे मिलने उप राष्ट्रपति सुबह 11:30 बजे पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे तक रुके रहे। पूर्व चीफ जस्टिस ठाकुर के चाचा ससुर सेवानिवृत्त शिक्षक सत्येंद्र ठाकुर ने बताया कि उप राष्ट्रपति धनखड़ और जस्टिस ठाकुर ने एक साथ वकालत की पढ़ाई की थी।