वाहन पंजीकरण नंबरों की ऑनलाइन बोली(फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल परिवहन विभाग की ओर से कोटखाई में वाहन पंजीकरण की प्रक्रिया के तहत वीआईपी नंबरों के लिए सुर्खियों में बनी ऑनलाइन प्रक्रिया में नया मोड आ गया है। तीन दिन की निर्धारित तय अवधि बीत जाने के बाद अब इस वीवीआईपी नंबर के लिए दूसरी सबसे अधिक 1.11 करोड़ की बोली लगाने वाले शिमला जिले संजय कुमार को मौका मिला है। अब दूसरी सबसे अधिक बोलीदता को धनराशि जमा करवाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। तीन दिन में संजय कुमार ने भी बोली की धनराशि जमा नहीं करवाई तो तीसरे स्थान पर सबसे अधिक बोली लगाने वाले को मौका मिलेगा।
बद्दी के धर्मवीर मोटर साइकिल अथवा स्कूटी के वीवीआईपी नंबर के लिए एक करोड़ 500 रुपए की बोली लगाकर तीसरे स्थान पर रहे हैं। अंतिम तिथि तक देसराज ने तो अपनी सबसे अधिक बोली की धनराशि जमा करवाई और न ही इसे लेकर संबंधित कार्यालय से कोई संपर्क साधा। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार दोपहिया वाहन के लिए वीवीआईपी नंबर एचपी 99-9999 नंबर के लिए सर्वाधिक 1,12,15,500 की बोली लगाकर चर्चाओं में आया कांगड़ा जिला निवासी देसराज अब बोली की धनराशि जमा करवाने से पीछे हट गया है।
बता दें कि कोटखाई उपमंडल में वाहन पंजीकरण प्रक्रिया के तहत वीवीआईपी और वीआईपी नंबरों के लिए ऑनलाइन बोली लगाने की प्रक्रिया 17 फरवरी तक रखी गई थी। यह प्रक्रिया अचानक उस समय सुर्खियां बन गई जब कांगडा जिले के देसराज ने ऑनलाइन एक हजार रुपये की राशि जमा कर न सिर्फ बोली प्रक्रिया में भाग लिया बल्कि, एचपी 99-9999 के लिए एक करोड़ बारह लाख 15 हजार लगाकर सभी को चौंका दिया था।
इन नंबरों के लिए भी लगी लाखों की बोली
वाहन पंजीकरण के लिए कोटखाई सीरीज के एक अन्य नंबर एचपी 99- 0009 के लिए 21 लाख रुपए की बोली पियूष छाबड़ा ने लगाई है। पीयूष को भी बोली की धनराशि जमा करवाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। इससे अधिक 21,67,500 की बोली लगाने वाले को बाहर कर दिया गया है। कोटखाई में ही एचपी 99-0005 के लिए 20 लाख रुपए और एचपी 99-0004 नंबर के लिए 9,97,500 की सबसे अधिक बोली लगी है। हालांकि, इन नंबरों के लिए सर्वाधिक बोली लगाने वाले भी धनराशि जमा करवाने के लिए अभी तक सामने नहीं आए। अब दूसरे स्थान पर रहे बोलीदाताओं को भी धनरशि जमा करवाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।
वाहन पंजीकरण नंबरों के लिए ऑनलाइन बोली लगाने वाले बोलीदाताओं की ओर से देय धनराशि जमा करवाने की प्रक्रिया जारी है। तीन नंबरों के लिए सबसे ऊंची बोली लगाने वाले अभी तक सामने नहीं आए है। खास वाहन पंजीकरण नंबरों की सार्वजनिक नीलामी के लिए सारी प्रक्रिया ऑनलाइन चल रही है। ऐसे में इससे जुड़ी और अधिक जानकारी मेरे पास उपलब्ध नहीं है।-चेतना खडवाल, एसडीएम कोटखाई