राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी के बीएड प्रशिक्षुओं को अब अन्य कॉलेजों में शिफ्ट किया जाएगा। इस संबंध में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि छात्रों के हितों को प्राथमिकता दी जाए और किसी भी छात्र को शैक्षणिक नुकसान न हो। हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रशिक्षुओं को अन्य मान्यता प्राप्त कॉलेजों में समायोजित करने के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसमें नजदीकी कॉलेज, सीटों की उपलब्धता और छात्रों की सुविधा को आधार बनाया जाएगा। 28 मार्च से प्रस्तावित बीएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी अब निर्धारित समय पर नहीं होंगी।
उच्च न्यायालय के आदेश का पालन किया जाएगा। प्रशिक्षुओं के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। रूपरेखा तैयार करने के लिए बैठक आयोजित की गई है। -प्रो. ललित अवस्थी, कुलपति, एसपीयू