पुलिस जेई और अन्य कर्मियों से कर रही पूछताछ अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के संजौली मस्जिद में अवैध निर्माण को लेकर 11 सितंबर को हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई पर नगर निगम सदन में पार्षदों ने सवाल उठाए। कांग्रेस, भाजपा और माकपा पार्षदों ने सदन में खड़े होकर इसका विरोध किया।
पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि पुलिस, कंपनी के कर्मचारियों पर भी कार्रवाई कर रही है जो गलत है। प्रदर्शन के दिन दमकल वाहनों में पानी खत्म हो गया था। इसे भरने के लिए संजौली टैंक से पाइपलाइन जोड़ी गई लेकिन इससे भी पानी लेने में दिक्कत आई। पुलिस, कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है कि आखिर पानी की आपूर्ति देने में लापरवाही क्यों की। कनिष्ठ अभियंता समेत कई कर्मचारियों से इस मामले में पूछताछ हो रही है। इनका कहना है कि कंपनी ने दमकल वाहनों को पानी की आपूर्ति दी थी। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पाइप तोड़ दिए थे। इसमें कंपनी की लापरवाही नहीं है। सदन ने फैसला लिया कि इस मामले में पुलिस अधीक्षक को प्रस्ताव भेजा जाएगा। पार्षद विनोद भाटिया ने कृष्णानगर चिल्ड्रन पार्क में पानी की निकासी करने, झूले लगाने की मांग की। पार्षद कल्याण धीमान ने फागली में नई स्ट्रीट लाइटें न लगाने पर सवाल उठाए।