-प्रति सेमेस्टर 15 हजार रुपये शुल्क निर्धारित, विश्वविद्यालय ने जारी की अधिसूचना
-विश्वविद्यालय में एमएड परीक्षा के ऑनलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि 29 नवंबर
-हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की बीएएमएस चतुर्थ वर्ष सप्लीमेंटरी परीक्षा दिसंबर में
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने एमएड कोर्स की पुरानी बैचों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए डिग्री पूरी करने व अंक सुधारने के लिए विशेष अवसर प्रदान किया है। यह विशेष मौका शैक्षणिक सत्र 2005-06 से आगे के विद्यार्थियों पर लागू होगा। इस विशेष अवसर के लिए प्रति सेमेस्टर 15 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पुराने विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। वहीं 2018-19 शैक्षणिक सत्र से आगे के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट nexams.hpushimla.in पर उपलब्ध हैं। ओड सेमेस्टर की परीक्षाएं आगामी दिसंबर में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा फार्म बिना विलंब शुल्क 29 नवंबर तक भरे जा सकते हैं। इसके बाद विलंब शुल्क विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार लिया जाएगा। विश्वविद्यालय के नियंत्रक परीक्षा श्याम लाल कौशल ने बताया कि संबंधित सभी विभागों और संस्थानों को जानकारी भेज दी हैं। इनमें डीन ऑफ स्टडीज, सभी सरकारी और निजी महाविद्यालयों के प्राचार्य, सीडीओई, सेंटर फॉर इवनिंग स्टडीज शिमला, धर्मशाला स्थित रीजनल सेंटर, सीसीईडब्ल्यू तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न परीक्षा और सचिवालय शाखाएं शामिल हैं। कंप्यूटर सेंटर को अधिसूचना वेबसाइट पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि जनसंपर्क अधिकारी को इसे प्रमुख समाचारपत्रों में प्रकाशित करवाने को कहा गया है।
विश्वविद्यालय में एमएड परीक्षा के ऑनलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि 29 नवंबर
विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा ने एम एड द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर नियमित, री-अपियर और प्रथम व तृतीय सेमेस्टर री-अपियर परीक्षाओं को दिसंबर में आयोजित करने का कार्यक्रम घोषित किया है। इसके लिए ऑनलाइन परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं।
ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 29 नवंबर तय की गई है। इसके बाद विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार विलंब शुल्क देय होगा। फार्म भरने में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर छात्र अपने संबंधित कॉलेजों के प्राचार्य या निदेशक से संपर्क कर सकेंगे।
-
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की बीएएमएस चतुर्थ वर्ष सप्लीमेंटरी परीक्षा दिसंबर में
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीएएमएस चतुर्थ वर्ष 2020-21 बैच की सप्लीमेंटरी परीक्षाएं दिसंबर में आयोजित करने का कार्यक्रम जारी किया है। विश्वविद्यालय के परीक्षा शाखा के अनुसार परीक्षाओं के लिए आवेदन पत्र और शुल्क 29 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के जमा किए जा सकेंगे। निर्धारित तिथि के बाद विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार विलंब शुल्क लागू होगा। परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट से उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने पूर्ण आवेदन पत्र शुल्क और पंजीकरण संख्या सहित निर्धारित तिथि तक परीक्षा-III मेडिकल साइंसेज शाखा में जमा करवाएं।