स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम लागू करने की तैयारी में है। विभाग योजना के तहत कवर होने वाले लोगों का आंकलन करने के साथ उन्हें मिलने वाली सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
विभागीय सूत्रों की मानें तो योजना से प्रदेश के पांच लाख सत्तर हजार परिवारों को फायदा होगा। ये वे लोग होंगे, जो आरएसबीवाई, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा योजना अथवा अन्य चिकित्सा प्रतिपूर्ति योजना के दायरे में नहीं आते हैं।
प्रदेश में अभी तक लोगों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री राज्य स्वास्थ्य सेवा योजना जैसी सेवाओं के जरिये निशुल्क चिकित्सकीय लाभ दिलाया जाता था। इन योजनाओं में अलग-अलग वर्ग और श्रेणी के लोगों को रखा जाता था।
ऐसे में सामान्य तथा लोअर मिडिल क्लास के लोग वंचित रह जाते थे। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बीते बजट सत्र के दौरान हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम लागू करने की घोषणा की थी। घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग वित्त विभाग के अफसरों के साथ योजना को लागू करने की कवायद में जुटा है।