केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने शिमला जिले के दत्तनगर में आयोजित महिला नमन कार्यक्रम में कहा कि 30 साल बाद रामपुर को संस्कृत कॉलेज मिला है। इसके अलावा भाजपा सरकार ने रामपुर में उप तहसील दी।
केंद्र में मोदी सरकार और हिमाचल में जयराम सरकार ने मिलकर राज्य की समग्र प्रगति को गति देने के लिए बहुत अच्छा काम किया है। यह बात शनिवार को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने दत्तनगर में आयोजित महिला नमन कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि 30 साल बाद रामपुर को संस्कृत कॉलेज मिला है। इसके अलावा भाजपा सरकार ने रामपुर में उप तहसील दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही संस्कृत कॉलेज की मांग को भाजपा सरकार ने इस कार्यकाल में पूरा किया है। दुर्भाग्य से कांग्रेस ने पिछले 30 वर्षों से केवल इसका सपना ही दिखाया था। सपने दिखाना कांग्रेस की पुरानी परंपरा है। लेकिन कांग्रेस सपने को पूरा नहीं करती है।
विज्ञापन
कांग्रेस ने सुनिश्चित किया कि अटल सुरंग पूरी न हो, लेकिन भाजपा सरकार में यह ऐतिहासिक सुरंग बनकर तैयार हो गई है और आज विश्व प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि इन दिनों कांग्रेस नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं। हाल ही में बिलासपुर के नेता रामलाल ठाकुर ने कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा पेश किया है। रामलाल ठाकुर ने भी माना कि कांग्रेस दिशाहीन और नेतृत्व विहीन है। हिमाचल में इस पार्टी में मुख्यमंत्री के कई सारे उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजनीति को एक नया दृष्टिकोण दिया है। महिलाओं का ध्यान रखा है। हिमाचल में दो लाख से ज्यादा लोगों को शौचालय दिए। बिलासपुर में एम्स, ऊना में पीजीआई सेंटर, नालागढ़ में मेडिकल डिवाइस पार्क और ऊना में बल्क ड्रग पार्क दिया है। कांग्रेस को देखना चाहिए कि डबल इंजन सरकार ने हिमाचल को क्या दिया है।