सीमा सुरक्षा बल की पश्चिमी कमान और आदित्य मेहता फाउंडेशन के सहयोग से पांच अगस्त को शिमला से शुरू हुई चौथी इन्फिनिटी राइड का अटल बिहारी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान मनाली में समापन हुआ।
समापन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग प्रतिभागियों का जज्बा सभी के लिए प्रेरणादायक है। जिंदगी अंग भंग होने के बाद खत्म नहीं हो जाती।
देश सेवा में अपने अंग गंवा चुके जवानों के हौसले और संघर्ष कर आगे बढ़ने की उनकी शक्ति देश और समाज के लिए कुछ कर गुजरने का संदेश देती है। रिजिजू ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम के बावजूद अपने लक्ष्य को पूरा करने पर पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों और आयोजकों को बधाई दी।
मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद राम स्वरूप शर्मा, राष्ट्रीय जनजातीय आयोग उपाध्यक्ष युवराज फकीरू, बीएसएफ आईजी अभिनव कुमार, डॉ. पीके रोशन, पीएस बैंस, आईजी आदित्य मेहता, एसडीएम मनाली रमन घरसंगी, संयुक्त निदेशक अटल बिहारी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान अश्वनी कुमार मौजूद रहे।
इससे पूर्व रिजिजू ने मनाली के पलचान गांव से इन्फिनिटी राइड में शामिल होकर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया और 12 किलोमीटर साइकिल चलाकर मनाली पहुंचे।