केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि योजनाएं वंचित लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। नड्डा ने ग्राम स्वराज अभियान के तहत शाहपुर उपमंडल की कनोल पंचायत में आयोजित स्वच्छ भारत पर्व कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में राजनीतिक सोच में बदलाव के साथ ही सामाजिक सोच में भी व्यापक सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य कर रहे हैं। इसी प्रतिबद्धता से ग्राम स्वराज अभियान की विशेष पहल शुरू की है।
विशेष मदद एवं प्रयास की जरूरत वाले देशभर के 115 जिलों एवं 21058 गांवों में एक पखवाड़े तक विशेष मुहिम चलाकर केंद्र सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों से वंचित रह गए सभी लोगों को इनके दायरे में लाकर लाभान्वित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत उज्ज्वला योजना, मिशन इंद्रधनुष, प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के कार्यान्वयन को लेकर 30 अप्रैल को सभी स्वास्थ्य अधिकारी, आंगनबाड़ी कर्मचारी, पंचायतों में जाएंगे और पंचायत के सदस्यों के सहयोग से ‘एसईसीसी’ यानी सोशियो इकोनॉमिक कास्ट सेंसस के डाटा के मुताबिक पात्र लोगों की पहचान करेंगे।