जिला हमीरपुर में शुक्रवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बातचीत के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का विपक्षी दलों के साथ खड़े होने के सवाल पर कहा कि ममता बनर्जी का चेहरा बेनकाब हो चुका है। वह तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं। पश्चिम बंगाल की सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
बच्चों की मिड-डे मील योजना में भी जो सरकार हेराफेरी करे, जनता को मिलने वाले पानी में भी जो पैसा ढूंढने का काम करे और जिनके मंत्रियों से बच्चों को नौकरी दिलवाने की एवज में करोड़ों रुपये पकड़े जाएं, उनसे देश के विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे यह राजनीतिक दल अपनी जमीन बचाने के लिए एक-दूसरे का हाथ पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इनका भ्रष्टाचारी चेहरा और तृष्टिकरण की राजनीति और देश के खिलाफ कुछ पार्टियों का बोलना, इन पर भारी पड़ेगा।
राजनीतिक दलों की नीति स्पष्ट होनी चाहिए कि वह क्या चाहते हैं। जनता जानती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नौ वर्षों में भारत को आने बढ़ाने का काम किया है। भारत दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना है। पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर सामने आई और व्यापार भी आगे बढ़ा है।
बिलासपुर में एथलेटिक ट्रैक तैयार, इंडोर स्टेडियम बनाएंगे : अनुराग
बिलासपुर में एथलेटिक ट्रैक बनाकर दे दिया है। अब वहां इंडोर स्टेडियम भी बनाएंगे। हमीरपुर में साईं का राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया है, अन्य कई इंडोर स्टेडियम प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों बंगाणा, जसवां परागपुर, सुंदरनगर, सोलन के लिए भी स्वीकृत किए हैं।
जहां जल्द यह सुविधाएं उपलब्ध होंगी। खेल राज्य का विषय है और राज्य की प्रमुख भूमिका रहती है। इसके बावजूद केंद्र की मोदी सरकार ने कांग्रेस के समय 960 करोड़ के खेल बजट को बढ़ाकर अब 3,397 करोड़ किया है। 3,200 करोड़ रुपये खेलो इंडिया योजना के लिए मंजूर किया है।