केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी शुक्रवार 4 अगस्त को किरतपुर-नेरचौक, कालका-शिमला फोरलेन और अन्य नेशनल हाईवे (एनएच) को बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण करेंगे।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी शुक्रवार 4 अगस्त को हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह किरतपुर-नेरचौक, कालका-शिमला फोरलेन और अन्य नेशनल हाईवे (एनएच) को बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण करेंगे। उनके साथ नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के विशेषज्ञों की टीम भी होगी। इससे पहले गडकरी का हिमाचल आने का प्रोग्राम मंगलवार को प्रस्तावित था, लेकिन शुक्रवार दोपहर को कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्रालय की ओर से एनएचएआई को भेजे गए टूर प्रोग्राम में इसकी जानकारी दी गई है। बताते चलें कि प्रदेश में भारी बारिश, बादल फटने और बाढ़ से क्षतिग्रस्त नेशनल हाईवे, फोरलेन परियोजनाओं को भारी नुकसान हुआ है। विशेषज्ञों की कमेटी किरतपुर से नेरचौक तक के फोरलेन का भी निरीक्षण करेगी। एनएचएआई ने इस फोरलेन को शुरू करने के लिए प्रस्ताव भेजा था। अगर कमेटी ने इसे हरी झंडी दे दी तो वाहन चालक नेरचौक तक फोरलेन पर सफर कर सकेंगे।
बता दें, बरसात में पंडोह से आगे किरतपुर-मनाली फोरलेन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे अब मनाली तक के फोरलेन निर्माण के लिए लंबा समय लगेगा। किरतपुर से नेरचौक तक फोरलेन पर कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। कुछ जगह थोड़ा बहुत नुकसान है, जिसकी मरम्मत के लिए थोड़ा ही समय लगेगा। कमेटी कैंची मोड़ से किरतपुर तक के फोरलेन का निरीक्षण भी करेगी। विशेषज्ञों को सब सही लगा तो अगस्त के बाद किरतपुर से नेरचौक तक फोरलेन को यातायात के लिए पूरी तरह से शुरू कर दिया जाएगा। एनएचएआई के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने केंद्रीय मंत्री के दौरे की पुष्टि की है।