पैपिलोमा विषाणु टीकाकरण अभियान भी चलाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मशोबरा में शनिवार को शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाग लेने के लिए यूनेस्को की टीम पहुंची थी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को 21वीं शताब्दी की कौशल एवं दक्षता आधारित शिक्षा उपलब्ध करवाना है।
यूनेस्को की अंतरराष्ट्रीय टीम में मेलबर्न विश्वविद्यालय ऑस्ट्रेलिया की प्रोफेसर एस्थर केयर, संयुक्त राज्य अमेरिका के शिक्षा विभाग की हेलेन किम, यूनेस्को दक्षिण एशिया की मोनिका लामा, यूनेस्को समन्वयक संतोष तिवारी, प्रथम शिक्षा फाउंडेशन के प्रमुख शुभेंदु चक्रवर्ती, नीतू बर्तवाल, हिमांशु पिप्पल और नरेंद्र मौजूद रहे। टीम ने शिक्षकों के साथ शैक्षणिक गतिविधियों पर चर्चा की और अध्यापन पद्धतियों का अवलोकन किया। इसके अलावा समुदाय, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ भी सार्थक विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के दौरान समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं विद्यालय में वर्षभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।
स्कूल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मानव पैपिलोमा विषाणु टीकाकरण संबंधी जागरुकता अभियान भी आयोजित किया गया। इसमें स्वास्थ्य केंद्र मशोबरा के डॉ. सुनील ठाकुर और उनकी टीम ने छात्राओं को मानव पैपिलोमा विषाणु के टीकाकरण के में जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के समग्र शिक्षा अभियान प्रभारी रमन कुमार सहित अन्य शिक्षक और गैर शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य डॉ. अनीता गुप्ता ने मेधावी विद्यार्थियों को श्रीनिवास रामानुजन विद्यार्थी डिजिटल योजना के 16-16 हजार रुपये के वाउचर दिए गए। इसमें अनीशा, प्रिंस खोजान, दिलप्रीत सिंह, मानसी, ऋचा सोनी और प्रज्जवल ठाकुर सम्मानित हुए।