नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर शराब(फाइल)
- फोटो : संवाद
नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर वाली शराब मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पुलिस वित्तीय जांच करेगी। इस मामले में पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है। मामले में और गिरफ्तारियां होना संभावित है। जानकारी के अनुसार अवैध शराब तस्करी के मामले में काबू किए मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों के बैंक खाते खंगाले जाएंगे। इसके साथ उनके पारिवारिक सदस्यों के बैक खाते भी जांच की जद में आ सकते हैं। इससे पता लगाया जाएगा कि आरोपियों के इस काले धंधे के कितनी कमाई की और वह रकम कहां गई।
मामले में पुलिस जल्द और गिरफ्तारियां भी कर सकती है। इसको लेकर पुलिस की तीन टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है। ऐसे में जल्द कई और लोग पुलिस के हत्थे चढ़ सकते हैं। बता दें कि बीते 26 मई रात को ऊना के बहडाला लिंक रोड पर पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 45 शराब पेटी बरामद की थी। आबकारी विभाग की जांच में शराब बोतल में लगे होलोग्राम व मार्का स्टीकर नकली पाए गए। आरोपियों की निशानदेही पर मैहतपुर स्थित एक गोदाम में 375 पेटियां इसी तरह की शराब बरामद की।
इसके बाद 30 मई को ऊना में ही स्प्रिट से भरे 10 ड्रम बरामद किए गए। इसके अलावा 30 अन्य ड्रम स्प्रिट से भरे ऊना पहुंचे। गोदाम से भी पुलिस ने ड्रम बरामद किए थे। जबकि मौके से जले हुए स्टीकर भी मिले। पुलिस इस मामले में हर व्यक्ति की भूमिका पता लगाने में जुटी हुई है। हालांकि यह पूरा मामला गिरोह पाया जा रहा है। जिसमें गुप्त नेटवर्क के माध्यम से ही पूरा खेल चल रहा था। इस पूरे खेल में स्प्रिट, पानी व सप्लाई का काम अलग-अलग लोग करते थे। शातिर नकली शराब को बेचने की कोशिश कर रहे थे।
इस दौरान दो शातिर 45 पेटी शराब के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मामले के मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास उर्फ गौरू को भी पुलिस के गिरफ्तार किया है। मैहतपुर स्थित किराये के गोदाम में नकली शराब का काला धंधा गौरव मिन्हास चला रहा था। गौरव को बीते शनिवार को सीजेएम ऊना की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।