शिमला। झंझीड़ी से बस अड्डे के लिए शुक्रवार को दोपहर बाद साढ़े चार बजे सवारियों को लेकर आ रहा हिमाचल पथ परिवहन निगम का टेंपो ट्रैवलर मिस्ट चैंबर के पास टायर पंक्चर होने के कारण रास्ते में खड़ा हो गया। इसमें सवार बीस सवारियों को बस अड्डे तक का बीस रुपये का टिकट लेने पर भी खलीनी चौक तक पैदल ही चलने पर मजबूर होना पड़ा।
साढ़े चार बजे झंझीड़ी से चले इस ट्रैवलर में करीब बीस सवारियां सवार थीं जिसमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष तथा बुजुर्ग सवार थे। मिस्ट चैंबर के पास पहुंचने पर चालक ने बताया कि ट्रैवलर का टायर पंक्चर हो गया है, इसलिए अब यह आगे नहीं जा सकता। इस पर सवारियों को पैदल करीब आधा किलोमीटर तक चलकर खलीनी चौक पहुंचना पड़ा। टेंपो में सवार आर्यन, शिवानी और संतोष वर्मा ने कहा कि एचआरटीसी को दूसरा टेंपो ट्रैवलर बुलाकर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाना चाहिए थे। एचआरटीसी की टैक्सी, टेंपो ट्रैवलर राइड विद प्राइड सर्विस के इंचार्ज सैजु राम ने माना कि झंझीड़ी को भेजे टेंपो ट्रैवलर का अचानक टॉयर पंक्चर हो गया था। इससे सवारियों को परेशानी हुई थी। इस तरह तकनीकी खराबी आती है, तो उसे तुरंत ठीक करवा दिया जाता है।