अदालत ने आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा अमर उजाला ब्यूरो शिमला। नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके तहत विशेष सेल टीम ने कनलोग एनएच क्षेत्र में दो लोगों को 480 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना न्यू शिमला में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार विशेष सेल की टीम कनलोग एनएच क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम ने जटिलेंद्र ठाकुर (28) निवासी तहसील सुन्नी और मेहर चंद (35) निवासी तहसील सुन्नी को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 480 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर थाना न्यू शिमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 में प्राथमिकी दर्ज की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उनका दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब इस मामले में चरस की सप्लाई और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इसके अलावा पता लगाया जा रहा है कि चरस कहां से लाई थी। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर भी जांच की जा रही है।