हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में रोपड़-नालागढ़ मार्ग पर बेला मंदिर के समीप एक इनोवा कार डीजल से भरे टैंकर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस से नालागढ़ अस्पताल लाया गया। यहां से उन्हें रोहतक रेफर कर दिया है। मरने वालों में रोहतक (हरियाणा) के शक्ति सिंह (25) और वीरेंद्र (36) शामिल हैं। दोनों मृतक गांव मोखरा, तहसील महम जिला रोहतक के रहने वाले थे। हादसा बुधवार देर रात को हुआ। पुलिस के अनुसार इनोवा कार में गुरुग्राम के सुनील कुमार, रोहतक के मोखरा गांव निवासी सागर, आजाद, मुकेश, शक्ति व वीरेंद्र रोहतक से मनाली जा रहे थे। गाड़ी शक्ति चला रहा था। इन्होंने गाड़ी में रूट मैप लगाया था।
नालागढ़ पहुंचने के बाद वे स्वारघाट जाने के बजाय रोपड़ की ओर मुड़ गए। इस बीच, नालागढ़ से कुछ दूरी पर बेला मंदिर के पास उनकी कार दूसरी ओर से आ रहे एक डीजल के टैंकर से टकरा गई। आमने-सामने की टक्कर में कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से नालागढ़ लाया गया। यहां शक्ति और वीरेंद्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य लोगों को रोहतक के लिए रेफर कर दिया। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि हादसा तेजरफ्तारी के कारण हुआ है। टैंकर चालक ने इनोवा को गलत दिशा में आते देख कर टैंकर सड़क से नीचे उतार लिया, जिससे वह पेड़ से टकरा गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। एसपी रोहित मालपानी ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।