शिमला के जतोग में एक वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने से टुटू डीएवी के दो स्कूली बच्चों की मौत मौके पर ही हो गई। हादसा सोमवार शाम हुआ जब ये वैन स्कूली बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी।
इसी दौरान यह सड़क से पलट गई। हादसे में चालक नरेश कुमार (34) समेत दो वयस्क और दो बच्चों को घायल हालत में उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल लाया गया है।
मृतक बच्चों की पहचान करण ठाकुर (6) पुत्र प्रमोद ठाकुर निवासी बायचड़ी और हर्ष वर्मा (7) पुत्र विनोद वर्मा निवासी बायचड़ी के तौर पर हुई है। हादसे में घायल दो बच्चों निहारिका (6) और पार्थ (5) का उपचार चल रहा है।
गाड़ी के चालक नरेश कुमार (34) समेत तीन वयस्कों का इलाज चल रहा है इनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और इस संदर्भ में थाना बालूगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।