मणिकर्ण घाटी की शाट पंचायत के सरानाहुली गांव में छह कमरों का दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दमकल विभाग की टीम ने ग्रामीणों की सहायता से आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग बुधवार देरशाम करीब 9 बजे लगी।
सरानाहुली गांव में डाबे राम पुत्र हरि सिंह के मकान में अचानक चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में पूरा मकान आ गया। आग की सूचना मिलते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। इस दौरान दमकल विभाग को सूचना दी। जब तक आग पर काबू पाया जाता, मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गया था।
साथ लगते घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। फायर पोस्ट जरी के अग्निशमन प्रशामक तुलसी राम ने कहा कि आग की सूचना मिलने के बाद टीम मौके के लिए रवाना हुई। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया।
लोगों से अपील की कि लोग अपने घरों के आसपास घास आदि का भंडारण न करें। इस संबंध में एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि सरानाहुली गांव में आग की घटना पेश आई है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।