two people arrested in charas case
मशोबरा-ढली जंक्शन के पास से पकड़े, आरोपी बोले, ऊपरी शिमला से खरीद कर लाए थे चरस
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के मशोबरा-ढली जंक्शन पर राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल यूनिट ने दो युवकों को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 532 ग्राम चरस बरामद की है।
आरोपियों की पहचान आर्यन सिंह कृष्णानगर निवासी और मन बहादुर नेपाल निवासी के तौर पर हुई है। नेपाली युवक शहर से सटे मुंडाघाट क्षेत्र में रहता है। ढली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक एसएनसी यूनिट के एएसआई योगराज के नेतृत्व में टीम ढली-मशोबरा सड़क पर गश्त पर थीं। देर रात मशोबरा जंक्शन पर एक स्थानीय कार को रोका गया। इसमें दो युवक सवार थे। इनसे आवाजाही का कारण पूछा तो दोनों संतोषजनक जवाब देने की बजाय घबरा गए। इस दौरान तलाशी में इनसे चरस बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ऊपरी शिमला से नशीला पदार्थ खरीदा था। पुलिस से बचने के चक्कर में युवक बाया मशोबरा-ढली होते हुए शिमला आ रहे थे। मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
शोघी बाजार से पिकअप चोरी, केस दर्ज
शिमला। राजधानी के शोघी क्षेत्र से शातिर सड़क किनारे खड़ी पिकअप चुरा ले गए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने पिछली रात वाहन को शोघी बाजार के पास सड़क किनारे खड़ा किया था। अगली सुबह आकर देखा तो वाहन इस स्थान से गायब था। इस बीच आसपास के क्षेत्र में तलाशी की लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। बालूगंज थाना पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।