हिमाचल के क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किए गए दो मरीजों की रिपोर्ट चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें रायपुर सहोड़ा की 70 वर्षीय महिला व कुठार खुर्द का 30 वर्षीय युवक शामिल है। बताया जा रहा है कि पीजीआई चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला को 10 अगस्त को ऊना अस्पताल में भर्ती किया गया था। महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर 13 अगस्त को उसे पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर किया गया। जहां 14 अगस्त को वह पॉजिटिव पाई गई है।
इसके अलावा 12 अगस्त को कुठार खुर्द के 30 वर्षीय युवक को गंभीर हालत में ऊना अस्पताल से पीजीआई रेफर किया गया था। जहां युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उधरए सीएमओ डॉ. रमन शर्मा का कहना है कि पीजीआई में कोरोना पॉजिटिव आए मरीजों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर अस्पताल के डॉक्टरों सहित 10 लोगों को होम क्वारंटीन करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को भी सैनिटाइज किया जा रहा है।