फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: शहर के हर वार्ड में होंगे दो-दो नए विकास कार्य, बैठक में दी मंजूरी

विज्ञापन
विज्ञापन
महापौर को जल्द मिलेगी नई स्कॉर्पियो गाड़ी, वित्त संविदा एवं योजना समिति की बैठक में 21 लाख की गाड़ी खरीदने का प्रस्ताव पारित
विज्ञापन

कांग्रेस पार्षदों ने उठाया वार्डों में भेदभाव का मुद्दा

अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान अब जल्द ही नई स्कॉर्पियो गाड़ी में सफर करेंगे। नगर निगम उनके लिए करीब 21 लाख रुपये की लागत से नई स्कॉर्पियो खरीदने जा रहा है। इसके अलावा अधिशासी अभियंता को भी नई गाड़ी मिलेगी। इसके अलावा हर वार्ड में दो-दो नए कार्य किए जाएंगे।

महापौर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को टाउन हॉल में हुई वित्त संविदा एवं योजना समिति की मासिक बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। अधिशासी अभियंता की मौजूदा गाड़ी 15 साल पुरानी हो चुकी है। नियमानुसार उनके लिए नई गाड़ी खरीदी जाएगी। वहीं महापौर की वर्तमान स्कॉर्पियो में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। बैठक में चार गाड़ियों के विकल्प रखे गए थे, जिनमें से स्कॉर्पियो खरीदने पर सहमति बनी। बैठक में कांग्रेस पार्षद एवं समिति सदस्य सिमी नंदा और रचना भारद्वाज ने अपने वार्डों में नए काम शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाया।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि कई वार्ड ऐसे हैं, जहां चार से पांच नए काम हो रहे हैं, जबकि कुछ वार्डों में काम नहीं हो रहे हैं। यह भेदभाव है। सभी वार्डों में बराबर विकास कार्य होने चाहिए। इस पर महापौर ने कहा कि सभी वार्डों में बजट की उपलब्धता के आधार पर समान रूप से काम करवाए जा रहे हैं। इसके बावजूद यदि पार्षदों को लगता है कि उनके वार्ड में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं तो अब सभी वार्डों में दो-दो नए काम शुरू किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को जल्द सभी वार्डों में दो-दो नए काम शुरू करने के निर्देश दिए। नगर निगम कर्मचारियों के वेतन और पेंशनरों की पेंशन तैयार करने के लिए अब सॉफ्टवेयर विकसित किया जाएगा। इसके लिए बैठक में दस लाख रुपये की मंजूरी दी गई। अभी तक वेतन और पेंशन तैयार करने का काम मैनुअल तरीके से किया जा रहा है। अब यह काम सॉफ्टवेयर के माध्यम से होगा। बैठक में उप महापौर उमा कौशल, आयुक्त सचिन कंवल समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
विज्ञापन



पुराने वाहनों को लेकर सरकार को लिखेंगे पत्र
नगर निगम 15 साल की अवधि पूरी कर चुके वाहनों का दो से तीन साल और इस्तेमाल करने के लिए सरकार से मंजूरी मांगेगा। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि निगम की कई गाड़ियां 15 साल की अवधि पूरी कर चुकी हैं, लेकिन अभी भी अच्छी हालत में हैं। इन्हें निजी वाहनों की तर्ज पर दो से तीन साल और चलाने की अनुमति देने के लिए सरकार से आग्रह किया जाएगा। इसके लिए सरकार के साथ पत्राचार किया जाएगा। बैठक में विंटर कार्निवल के आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि इस बार उपनगरों में भी विंटर कार्निवल का जश्न मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर 23 नवंबर को अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें