एनएचपीसी के निर्माणाधीन डैम की साइट में झूला पुल टूटने से उसमें बैठे दो मजदूर पार्वती नदी में बह गए हैं।
हिमाचल के मणिकर्ण घाटी के बरशैणी में एनएचपीसी के निर्माणाधीन डैम की साइट में झूला पुल टूटने से उसमें बैठे दो मजदूर पार्वती नदी में बह गए हैं। घटना वीरवार दोपहर 2.00 बजे की है जब मजदूर डैम साइट में काम पर जा रहे थे।
अचानक तार टूट गया और झूला पुल समेत दोनों मजदूर पानी में बह गए। एक मजदूर झारखंड और दूसरा पंजाब का रहने वाला है। देर शाम तक लापता मजदूरों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बरशैणी में डैम के लिए पानी डायवर्ट के लिए बनाई गई टनल में गाद निकालने के लिए झारखंड निवासी गोविंद साहू और पंजाब के तरनतारण निवासी अजय सिंह झूला पुल से जा रहे थे। झूला पुल का तार टूटने से दोनों उफनती नदी में गिर गए।