हिमाचल के चंबा-सिल्लाघ्राट मार्ग पर शनिवार को नंद गांव के पास गहरी खाई में कार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मरने वालों की पहचान हुसैन, पुत्र हुसैन बख्श निवासी गांव गुलेडा डाकघर सिल्लाघ्राट, रोशनदीन पुत्र फतेह मोहमद निवासी गांव माहण डाकघर सिल्लाघ्राट और शुकरदीन पुत्र नूर जमात निवासी गांव माहण डाकघर सिल्लाघ्राट के रूप में हुई है।
हादसे में घायल रफी पुत्र इस्माइल निवासी गांव गुलेडा डाकघर सिल्लाघ्राट का उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है। पुलिस के अनुसार चारों लोग कार नंबर पीबी 11आर-1984 पर सवार होकर सिल्लाघ्राट से चंबा की तरफ जा रहे थे। गाड़ी को हुसैन चला रहा था। नंद गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
आवाज सुनकर लोग वहां पहुंच गए और खाई में उतरकर घायलों सड़क तक पहुंचाया। यहां से उन्हें उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान हुसैन व रोशनदीन ने दम तोड़ दिया जबकि शुकरदीन ने टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाते हुए दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही चंबा थाना की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
हादसे में मारे गए लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका ने बताया कि पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। तहसीलदार रोशन लाल ने बताया कि मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार और घायल को पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।