तलाशी के दौरान 17,900 रुपये नकदी भी पकड़ी अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। चिट्टे के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत के साथ ही जिला पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिमला पुलिस ने शहर में दो अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर चिट्टे और नगदी के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
दोनों ही मामलों में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पहला मामला छोटा शिमला पुलिस स्टेशन का है। यहां लोअर पंथाघाटी में पुलिस ने सूचना के आधार पर एक कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान एक आरोपी को 14.23 ग्राम चिट्टे और 17,900 रुपये की नगदी के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान प्रत्युष निवासी लोअर पंथाघाटी के रूप में हुई है। पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और कहीं नशा तस्करी में संलिप्त तो नहीं है। दूसरा मामला शनिवार दोपहर बाद का है। स्पेशल सेल की टीम ने खलीनी क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर एक घर में दबिश दी। पुलिस ने तीन युवकों के कब्जे से 6.910 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर गिरफ्तार कर लिया है। इस साल पुलिस ने भरोसा मिशन के तहत नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। इसके तहत अभी तक 245 के करीब केस दर्जकर 535 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें दूसरे राज्यों के नशा सप्लायर भी शामिल हैं।
विज्ञापन
कोट
नशा तस्करों के खिलाफ शिमला पुलिस की मुहिम जारी है। आने वाले दिनों में नशा तस्करों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -संजीव कुमार गांधी, एसएसपी शिमला