रोहडू-रामपुर मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है। किन्नौर की ऊंची चोटियों में 10 से 20 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। चंबा में बर्फबारी के कारण जिले के दो दर्जन के करीब मार्गों पर भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही थम गई। गरोला में दो मंजिला स्लेटपोश मकान गिर गया। चंबा के कोहलड़ी में पांच मकानों सहित ऐतिहासिक बन्नी माता मंदिर को खतरा पैदा हो गया है। चंबा-जोत व खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग ठप है। उपमंडल भोरंज के कडोहता में दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया।
बड़सर के चंबेह गांव में बिजली गिरने से छह कमरों का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। जिला सोलन मे बारिश-ओलों से मटर सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। ऊना में 1450 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की फसल और आलू की फसल का 10 फीसदी हिस्सा बरबाद हो गया। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की कमी दर्ज हुई। वीरवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.0, कल्पा में माइनस 0.8, डलहौजी में माइनस 0.7, कुफरी में माइनस 0.3 और शिमला में 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
क्षेत्र बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
रोहतांग 90
कोकसर-मढ़ी 60
सिस्सू 30
सोलंगनाला 20
जलोड़ी दर्रा 20