दूसरा सड़क हादसा नेशनल हाईवे-07 पर कोलर के समीप रविवार देर रात हुआ। इस हादसे में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रविवार की रात जामली निवासी दर्शन सिंह अपनी कार से नाहन की तरफ जा रहा था कि कोलर के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसकी गाड़ी को बुरी तरह से टक्कर मार दी।
इस हादसे में दर्शन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही माजरा पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को पांवटा साहिब सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
माजरा पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सोमवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। उधर, नायब तहसीलदार निहाल चंद कश्यप ने मृतक के परिवार को एक लाख रुपये की फौरी सहायता प्रदान की है।
ईधर, परवाणू-शिमला नेशनल हाईवे पर बाईपास चौक सोलन में देर रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जसविंद्र सिंह निवासी होशियारपुर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद दो वाहन चालकों को गिरफ्तार किया है।
जसविंद्र सिंह सोलन में सब्जी की दुकान करता था। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात एक पिकअप पीबी नंबर की दूसरी कार को टोह करके ले जा रही थी। पिकअप गाड़ी चालक ने सुरक्षा संदेश नहीं लगा रखे थे।
पिकअप गाड़ी के गुजरते ही जसविंद्र सिंह सड़क पार करने लगा जबकि दोनों गाड़ियों के बीच बांधी रस्सी उसे नजर नहीं आई और वह सड़क पर गिर गया। इस बीच पिकअप के पीछे बंधी गाड़ी ने जसविंद्र को कुचल दिया। घायल अवस्था में स्थानीय लोगों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया।
लेकिन यहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान जसविंद्र को मृत घोषित कर दिया। इसकी पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने दोनों गाड़ियों के चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी अंबी लाल ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एएसपी डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है। वाहन चालकों को हिरासत में ले लिया है। पिकअप गाड़ी के साथ सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे और चालकों की लापरवाही से यह हादसा हुआ है।