किन्नौर के रिकांगपिओ के बाईपास मार्ग पर एक मारुति कार के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। प्रेम लाल रिकांगपिओ स्थित डीसी कार्यालय में कार्यरत था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रिकांगपिओ के बाई पास मार्ग पर मारुति कार डीएल 8 सीएच 4640 अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। इसमें कुल्लू के रहने वाले प्रेम लाल पुत्र शिव राम ठाकुर, गांव ग्वाह की मौके पर मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया। 108 की मदद से मृतक को क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ पहुंचाया गया। घटना की पुष्टि करते हुए रिकांगपिओ थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि उक्त व्यक्ति रिकांगपिओ स्थित डीसी कार्यालय में कार्यरत था। मृतक का क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में पोस्टमार्टम कर परिजनों को शव सौंप दिया गया है।
सूरजपुर में ट्रक से टकराई बाइक, एक की मौत
हिमाचल के सिरमौर जिले में नाहन-पांवटा एनएच पर सूरजपुर के पास एक बाइक सड़क के साथ खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक चालक ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के मुताबिक बाइक पर सवार होकर उतर प्रदेश के भद्रसैन निवासी सतेंद्र यादव (34) नाहन से पांवटा की तरफ आ रहे थे।
सूरजपुर के समीप बाइक अनिंयत्रित होकर सड़क के पास खड़े ट्रक से जा टक्कराई जिससे सतेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही दम तोड़ दिया। डीएसपी पांवटा योगेश रोल्टा ने घटना की पुष्टि की है।
महिला को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
ऊना जिले के रक्कड़ में बाइक सवार ने राहगीर महिला को टक्कर मार दी। हादसे में दो बाइक सवार एवं महिला को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए ऊना अस्पताल लाया गया है, जिनमें से एक की गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। वहीं पुलिस ने घायलों के ब्यान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरेंद्र कुमार एवं कुलवीर सिंह निवासी फतेहगढ़ बाइक पर ऊना की ओर आ रहे थे। रक्कड़ कालोनी के पास पहुंचने पर रास्ते में जा रही एक महिला को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक महिला से टकराते हुए सड़क पर जा गिरी। दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बहडाला निवासी अनु भी जख्मी हो गई।
स्थानीय लोगों ने फौरन इसकी सूचना 108 को दी। घायलों को ऊना अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने कुलवीर की गंभीर हालत के चलते उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घायलों के ब्यान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।