पर्यटन नगरी मनाली से एक किलोमीटर पहले पुरानी चुंगी के पास ब्यास नदी में खेलते वक्त दो बच्चे पानी के तेज बहाव के साथ बह गए हैं। एक का शव बरामद हो गया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि रविवार की छुट्टी के चलते दोनों बच्चे ब्यास में मौज-मस्ती कर रहे थे। इसी बीच ये दोनों पानी के तेज बहाव में बह गए। लोगों ने इन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन ये पानी की लहरों में गुम हो गए।
दोनों के माता-पिता नेपाली मूल के हैं और मेहनत मजदूरी करके पेट पालते हैं। एसएचओ मनाली केडी शर्मा ने कहा कि सूचना पाकर वे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ दूरी पर एक लड़का अचेत अवस्था में मिला।
उसके जिंदा होने की उम्मीद में अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि मृतक की शिनाख्त 11 वर्षीय अंकुश में रूप में हुई है। 8 साल के दूसरे बच्चे की तलाश की जा रही है।
डीएसपी मनाली पुनीत रघु ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।