राज्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत बलगम की जांच में तेजी लाने और क्षय रोग को जड़ से समाप्त करने में अब स्वास्थ्य विभाग डाक विभाग की मदद लेगा। हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने स्वास्थ्य विभाग और डाक विभाग के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया है।
अब स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न स्थानों से बलगम की जांच के लिए एकत्र किए जाने वाले विभिन्न सैंपलों को डाक विभाग अपने डाकघर व उप डाकघरों के माध्यम से सीवी नेट केंद्र व अन्य जांच केंद्रों तक पहुंचाएगा।
इससे सैंपलों की शीघ्रता से जांच की जा सकेगी और जांच में क्षय रोग का पता चलने पर ऐसे मरीजों का समय पर उपचार शुरू किया जा सकेगा। निदेशक ने बताया कि डाक विभाग के साथ हस्ताक्षरित किए गए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. गोपाल बैरी ने हस्ताक्षर किए हैं।
उन्होंने बताया कि इस एमओयू के हस्ताक्षरित किए जाने से क्षय रोग की जांच कार्य में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि सैंपल एकत्र करने के बाद इन्हें पैक और सील किया जाएगा, जिसके बाद डाकघरों तक पहुंचाया जाएगा। डाक विभाग सैंपलों को जांच केंद्रों तक पहुंचाएगा।