आसपास के ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल में पांवटा में तिलौरधार-छितली मार्ग पर मंगलवार देर रात एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना खतरनाक था कि ट्रक के खाई में गिरने के बाद परखच्चे उड़ गए।
आसपास के ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार देर रात ट्रक (एचपी-17बी-7658) सतौन से छितली की तरफ जा रहा था। ट्रक चालक खड़क बहादुर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
चालक ने ट्रक से छलांग लगा दी। ट्रक में सवार सुनील कुमार (33) पुत्र चतर सिंह निवासी ग्राम बासोग कमरऊ ट्रक में ही 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। ट्रक के पीछे जा रहे एक दूसरे ट्रक के चालक ने वाहन को गिरते देखा।
उसने आसपास के ग्रामीणों को सूचित किया। देर रात ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए। पुलिस व युवक के परिजनों को बसोग गांव में सूचित कर दिया गया। ग्रामीणों ने आधी रात को किसी तरह युवक को गहरी खाई में जाकर खोज निकाला।
युवक मौके पर ही दम तोड़ चुका था। शव को काफी मुश्किल से खाई से बाहर निकाला जा सका। ट्रक चालक खड़क सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।