राजधानी में बरसात के मौसम में गिरे पेड़ सड़ कर मिट्टी बन रहे हैं लेकिन इस लकड़ी को नीलाम करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे। यह पेड़ नगर निगम और वन विभाग की जमीन पर गिरे हैं। पेड़ों की लकड़ी नीलाम कर सरकार को लाखों का राजस्व हो सकता है लेकिन अब यह लकड़ी सड़ने लगी है। पेश है ग्राउंड रिपोर्ट :-
विज्ञापन
वन विभाग और नगर निगम नहीं ले रहा पेड़ों की सुध
न ट्री कमेटी ने निरीक्षण किया, न ही लकड़ी नीलाम की अमर उजाला ब्यूराे
शिमला। राजधानी शिमला के जंगलों में बरसात में गिरे देवदारों के पेड़ सड़ कर मिट्टी में तब्दील हो रहे हैं। इसकी सुध न वन विभाग ले रहा है, और न ही नगर निगम। वन विभाग जंगलों में गिरे इन पेड़ों को समय से उठाने और इनकी नीलामी करने में लापरवाह रवैया अपना रहा है। इससे एक ओर जहां कीमती लकड़ी बर्बाद हो रही है, वहीं इससे सरकार को नुकसान भी हो रहा है।
शहर के जाखू के रिच माउंट क्षेत्र में चार पेड़ पिछली बरसात में गिरे थे, इससे रास्ता भी जाम हुआ था। वन विभाग और नगर निगम ने सड़क को बहाल करने के लिए मुस्तैदी दिखाई और इन पेड़ों के टुकड़े कर किनारे में जमा कर दिए लेकिन इसके आगे इन टुकड़ों के स्लीपर बनाने और इसकी नीलामी नहीं की। इस कारण यह देवदार के गिरे पड़ों के लाॅग बारिश और धूप में सड़ने लगे हैं। यही नहीं शिल्ली चौक, चुड़ैल बावड़ी, चौड़ा मैदान में समरहिल की ओर जाने वाली सड़क के पास भी कई पेड़ गिरे हैं। इसी तरह से शहर में बरसात में कई जगह निजी भूमि पर भी पेड़ गिरे थे। निजी भूमि पर गिरने वाले पेड़ों के स्लीपर बनवाने और इनकी नीलामी करने का निर्णय भूमि मालिक का अपना होता है।
विज्ञापन
नगर निगम और वन विभाग की भूमि पर गिरे पेड़ों के स्लीपर बनवाकर इनकी नीलामी के लिए ट्री कमेटी निरीक्षण करती है। इसकी जिम्मेदारी वन विभाग की ही रहती है। वर्ष 2023 में शहर में हुई भारी बरसात में नगर निगम और वन विभाग ने पेड़ों की लकड़ी को तैयार कर समय से वन विभाग या वन निगम से नीलामी की प्रक्रिया पूरी की थी। लेकिन पिछली बरसात में गिरे पेड़ों को उठाने में इस बार देरी हुई है, जिससे गिरे पेड़ों की लकड़ी बर्बाद हो रही है।
कोट
पिछली बरसात में वन भूमि पर गिरे पेड़ों के स्लीपर बनाकर इसकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू की है। शेष बचे पेड़ों की लकड़ी को भी जल्द नीलाम कर दिया जाएगा। -पवन चौहान, डीएफओ शिमला