बरसात शुरू होते ही शिमला में नुकसान का सिलसिला शुरू हो गया है। बैरियर के पास सरकारी आवास पर पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से हुए धमाके की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर की तरफ दौड़े। मकान के अंदर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। सरकारी आवास में रहने वाला कर्मचारी आईजीएमसी में तैनात है।
इसने पेड़ के खतरे को लेकर कई बार विभाग को सूचित किया था लेकिन कुछ नहीं किया गया। स्वास्थ्य विभाग के इस कर्मचारी और उसके परिवार की जान पर बन गई थी। पेड़ जैसे ही छत पर गिरा, जोर से धमाका हुआ और पूरा मकान हिल गया।
आवास में रह रहे कर्मचारी ने कई बार स्वास्थ्य विभाग और वन विभाग को घर पर पेड़ गिरने और घर की खस्ता हालत के बारे में सूचित किया हैं लेकिन विभाग की ओर से मकान को सुरक्षित करने के लिए अभी तक किसी भी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
खौफ के साय में परिवार
पूरा परिवार खौफ के साये में है। बताया जा रहा है कि यहां और भी पेड़ गिरने की कगार पर हैं। पेड़ गिरने से घर की छत टूट गई और सामान क्षतिग्रस्त हो गया। छत टूटने से बारिश का पानी घर में आ रहा है। घर का पूरा समान खराब हो रहा है।
मौके पर देखकर लेंगे जायजा: आचार्य
शहरी वन विभाग के डीएफओ आरके आचार्य ने बताया कि मामले के जानकारी नहीं है। जल्द ही विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया जाएगा और उचित कदम उठाया जाएगा।