रेलवे बोर्ड ने अंब-अंबाला चलने वाली ट्रेन को दौलतपुर चौक से शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह 5:25 बजे दौलतपुर चौक स्टेशन पर स्थानीय विधायक राजेश ठाकुर और एडीआरएम नॉर्दन रेलवे कर्ण सिंह ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अंब से करीब 12 किलोमीटर दूर दौलतपुर से ट्रेन शुरू होने से पीजीआई चंडीगढ़ आने-जाने वालों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को फायदा होगा।
दौलतपुर चौक स्टेशन से हर रोज सुबह 5:25 बजे ट्रेन नंबर 74991/92 चलेगी जो चिंतपूर्णी, ऊना होते हुए अंबाला कैंट 11:50 बजे पहुंचेगी।
दोपहर 2:30 बजे अंबाला कैंट से चलेगी और नंगल, अंब होते हुए रात 8:30 बजे दौलतपुर चौक पहुंचेगी। उधर, लोगों को सौगात मिलने पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से उद्घाटन समारोह को संबोधित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेलवे मंत्री पीयूष गोयल का आभार जताया।