एनएच-05 पर एकतरफा यातायात सहित पार्किंग और लोडिंग-अनलोडिंग के लिए भी तय किए नियम
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के लिए रामपुर में विशेष ट्रैफिक प्लान वीरवार से लागू हो जाएगा। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। शहर में नई यातायात व्यवस्था 11 से 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत भारी वाहनों की आवाजाही बाईपास मार्ग से होगी, जबकि राष्ट्रीय उच्च मार्ग (एनएच)-05 पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इसके अलावा पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग, बसों और ऑटो रिक्शा के पिकअप एवं ड्रॉप पॉइंट भी निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन के आदेश के अनुसार शिमला से किन्नौर और किन्नौर से शिमला की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को वजीर बावड़ी से झाकड़ी तक सतलुज नदी के दाहिने किनारे स्थित बाईपास से भेजा जाएगा। हालांकि, रामपुर बस अड्डे तक आने-जाने वाली बसों को छूट रहेगी। इस दौरान एनएच-5 पर नगर परिषद रामपुर की सीमा में भारी वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। भारी वाहन खनेरी स्थित एमजीएमएससी अस्पताल से आगे ज्यूरी की ओर और वजीर बावड़ी से आगे शिमला की ओर निर्धारित स्थानों पर ही खड़े किए जा सकेंगे। चौधरी अड्डा के पास सामान की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान एक समय में केवल एक वाहन को ही अनुमति मिलेगी। यह कार्य पुलिस प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। यातायात के दबाव को कम करने के लिए एनएच-05 पर एकतरफा व्यवस्था लागू रहेगी। किन्नौर की ओर जाने वाले वाहन वजीर बावड़ी से खनेरी तक एनएच-5 का इस्तेमाल करेंगे। वहीं, किन्नौर से रामपुर आने वाले वाहन मेला मैदान के समीप पाट बंगला जंक्शन से गौरा सड़क मार्ग होते हुए पुलिस पोस्ट के पास दोबारा एनएच-5 पर पहुंचेंगे। फील्ड हॉस्टल (एचपीएसईबीएल) की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। सतलुज व्यू होटल से सफेद ढांक तक पहाड़ी की ओर किसी को भी दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा लवी मेला मैदान के पास पाट बंगला जंक्शन स्थित वेलकम गेट के दोनों ओर 20-20 मीटर के दायरे में भी दुकानें लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने ऑटो रिक्शा के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए हैं। खनेरी और डकोलढ़ की ओर जाने वाले ऑटो के लिए बुध मंदिर के पास पिकअप और ड्रॉप पॉइंट बनाया गया है। यहां एक समय में अधिकतम तीन ऑटो खड़े हो सकेंगे। चौहाबाग और खनेरी की ओर जाने वाले ऑटो के लिए एचआरटीसी वर्कशॉप के डायवर्जन पॉइंट से व्यवस्था रहेगी। खनेरी से मेला मैदान, बौद्ध मंदिर और डकोलढ़ की ओर आने वाले ऑटो एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन पॉइंट से रामपुर की ओर 45 मीटर आगे एनएच-05 के बाईं ओर निर्धारित स्थान पर सवारियां उतार और बैठा सकेंगे। डकोलढ़ से आने वाले ऑटो के लिए चौधरी अड्डा स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास और डकोलढ़ जाने वाले ऑटो के लिए रेन शेल्टर और बस स्टॉप के सामने पहले से निर्धारित स्थान पर पिकअप ड्रॉप की व्यवस्था रहेगी। इन दोनों स्थानों पर भी एक समय में अधिकतम तीन ऑटो खड़े हो सकेंगे। किन्नौर की ओर जाने वाली बसें चौधरी अड्डा से 30 मीटर आगे राजमहल के सामने और एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन पॉइंट पर सवारियां उतार और बैठा सकेंगी। शिमला की ओर जाने वाली बसों के लिए एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन पॉइंट और चौधरी अड्डा के सामने पहले से निर्धारित बस स्टॉप पर पिकअप एवं ड्रॉप की सुविधा रहेगी।
ब्रौ, जगातखाना और चाटी के स्थानीय लोगों के लिए अलग व्यवस्था
ब्रौ, जगातखाना और चाटी क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को मेला मैदान अथवा रामपुर बाजार आने के लिए ब्रौ-जगातखाना-चाटी-चाटी पुल-एचआरटीसी वर्कशॉप-एनएच-5 मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। ब्रौ की ओर से एचआरटीसी बस अड्डे तक यह मार्ग एकतरफा रहेगा। वहीं, रामपुर से ब्रौ, जगातखाना और चाटी की ओर लौटने वाले स्थानीय वाहन एनएच-5 से मिनी सचिवालय-ब्रौ पुल मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। हालांकि, 11 से 14 नवंबर तक सुबह 8 से 10 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक पैदल यात्रियों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में ब्रौ की ओर जाने वाले सभी वाहनों को वजीर बावड़ी मार्ग से होकर जाना होगा।
खोपड़ी से चूहाबाग तक 10 किलोमीटर प्रति घंटा होगी गति सीमा
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि खोपड़ी से चूहाबाग तक एनएच-5 पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 10 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य पैदल यात्रियों, रेहड़ी-फड़ी संचालकों और दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके अतिरिक्त 11 से 30 नवंबर तक पाट बंगला चौक पर बसों सहित किसी भी वाहन को रुकने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने वाहन चालकों, स्थानीय निवासियों और आम जनता से यातायात संबंधी आदेशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।