रविवार को शिमला के कुफरी में लगा ट्रैफिक जाम ।
शिमला। ढली-कुफरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की समस्या से स्थानीय लोगों और सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते एक हफ्ते से इस सड़क पर लगातार जाम की समस्या पेश आ रही है। आलम यह रहा कि 12 किलोमीटर की दूरी तय करने में तीन घंटे लग गए। यही नहीं, रात दस बजे तक हसनवैली में वाहनों की कतारें लगी रहीं।रविवार को भी जाम के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दरअसल, राष्ट्रपति दौरे को लेकर ढली-छराबड़ा सड़क पर पड़े गड्ढों को पैचवर्क से भरा जा रहा है। इस दौरान ठियोग की तरफ से शिमला आने वाले वाहनों को छराबड़ा के पास पुलिस की तरफ से रोका जा रहा है। इससे यहां पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। यहां से बारी-बारी वाहनों को छोड़ा जा रहा है। रविवार को वाहनों की कतारें कुफरी तक पहुंच गईं। रामपुर जा रहे सुरेंद्र, घनश्याम, नीलेश ने बताया कि रोजाना जाम की समस्या पेश आ रही है। एक हफ्ते से विभाग पैचवर्क पूरा नहीं कर पाया है। चंद घंटे के पैचवर्क कार्य को हफ्ता लग रहा है। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क की हालत अभी भी सही ढंग से नहीं सुधर पाई है। उधर, ठियोग से शिमला आ रहे ब्रहमदेव, अखिलेश, भारती और रूपाली ने बताया कि छराबड़ा के पास वाहनों को बेवजह रोका जा रहा है। पुलिस को आखिरकार देखना चाहिए कि किसी वाहन में इमरजेंसी तो नहीं है।
कारोबारी सुरेश शर्मा ठियोग से अपनी परिवार को लेकर शिमला आ रहे थे। कहा कि फागू-कुफरी सड़क पर पहले से ही जाम लगा था। शाम करीब पांच बजे हिप-हिप हुर्रे के पास से पुलिस कर्मी के कहने पर वह बाबा भलकू सड़क (मशोबरा) पर चल पड़े। लेकिन, उस तरफ भी सड़क पर जाम लगा था। जाम को खुलाने के लिए सड़क पर कोई नहीं था। वह शाम 8:00 बजे ढली पहुंचे। उन्होंने कहा कि ढली से कुफरी सड़क पर जाम की समस्या प्रतिदिन गंभीर बनती जा रही है। प्रशासन को इस समस्या के निदान के लिए उचित कदम उठाना चाहिए।शहर के स्कूल, कॉलेजों और दफ्तरों में तीन दिन की छुट्टी के बाद लोग अपने-अपने वाहनों से शिमला के लिए निकले। पुलिस के मुताबिक सड़क पर वाहनों की आमद अधिक होने के कारण भी जाम की समस्या पेश आई।