शिमला। शहर के बाजारों में अतिक्रमण हटाने के लिए चल रही नगर निगम की कार्रवाई का कई कारोबारियों और भाजपा पार्षदों ने खुलकर समर्थन किया है। सब्जी मंडी के दौरे पर पहुंचे महापौर सुरेंद्र चौहान से कई कारोबारियों ने मुलाकात की और उनकी इस कार्रवाई को सही बताया।
कारोबारियों का कहना है कि बाजार में पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। पंजीकृत से ज्यादा अवैध तहबाजारी बाजार में सामान बेच रहे हैं। इससे यहां के कारोबारियों को नुकसान हो रहा था। अब इनके हटने से आम जनता समेत दुकानदारों को भी फायदा होगा। उधर भाजपा पार्षद कमलेश मेहता, आशा शर्मा, निशा ठाकुर, कल्याण धीमान और कांग्रेस पार्षद रचना भारद्वाज ने कहा कि अवैध तहबाजारियों के चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगर निगम ने इन्हें हटाने को लेकर जो कार्रवाई की है, वह आगे भी जारी रहनी चाहिए। पार्षदों ने निगम प्रशासन की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कारोबारियों से भी अतिक्रमण न करने की अपील की है। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि अभी नो वेंडिंग जोन से तहबाजारी हटाए जा रहे हैं। इसके बाद अन्य बाजारों में उन तहबाजारियों पर भी कार्रवाई होगी जिनके पास पहचान पत्र नहीं हैं।
10 जुलाई को बुलाई टीवीसी की बैठक नगर निगम की टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक 10 जुलाई को बुला ली है। इसमें तहबाजारियों के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही 250 नए आवेदनों को तहबाजारी कार्ड जारी करने पर भी फैसला होगा। सभी तहबाजारियों को सामान बेचने के लिए स्थान मुहैया करवाने को लेकर भी चर्चा होगी। टीवीसी ने ही लोअर बाजार को नो वेंडिंग जोन घोषित किया है। इस कमेटी में तहबाजारी नेता भी सदस्य हैं।